कांवड़ मेला डयूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने दबोचा शराब तस्कर

हरिद्वार। पुराना आरटीओ चौक के पास कांवड़ मेला डयूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने शराब तस्करी कर रहे एक तस्कर को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से देशी शराब केे 48व अंग्रेजी शराब के 30 पव्वे बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में पुलिस उपाधीक्षक रीना राठौर,एसआई विजयपाल सिंह,कांस्टेबल आसिफ,हेड कांस्टेबल मनविंदर सिंह,कांस्टेबल आसिफ,अंशुल बड़ोला व मनोज कुमार शामिल रहे।
भीड़ में गुम हुए बालकों को परिजनों से मिलाया

हरिद्वार। बागपत से कांवड़ लेने हरिद्वार आया 14 वर्षीय एक लड़का भीड़ में परिजनों से बिछुड़ गया। लड़के को भटकते देख स्थानीय लोगों ने उसे मेला कंट्रोल रूम स्थित खोया पाया केंद्र पहुंचा दिया। कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम सनी उर्फ कोकू पुत्र अशोक कुमार निवासी खेकड़ा जनपद बागपत बताया। लेकिन घर का सही पता व मोबाइल नंबर की ठीक ढंग से जानकारी नहीं दे पाया। इस पर कंट्रोल रूम में तैनात एसआई योगेंद्र पाल चौहान ने बागपत पुलिस से संपर्क कर उसके परिजनों को सूचना भिजवाई। परिजनों ने हरिद्वार में मौजूद अन्य पारिवारिक सदस्यों को सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन कंट्रोल रूम पहुंचे। पुलिस ने सन्नी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अस्थि विसर्जन के लिए मामा व अन्य परिवारजनों के साथ हरिद्वार आया एक दस वर्षीय बालक परिजनों से बिछुड़ गया। खड़खड़ी चौकी पुलिस व मेला कंट्रोल रूम ने बालक की सहायता करते हुए उसे परिवार से मिलाया। कंट्रोल रूम से जानकारी मिलने पर बालक के मामा व अन्य परिजन चौकी पहुंचे और बालक के सकुशल मिलने पर पुलिस का आभार जताया। बीती रात खड़खड़ी क्षेत्र में एक दस वर्षीय बालक को अकेले देखकर पुलिसकर्मी उसे चौकी ले आए और मेला कंट्रोल में खोया पाया केंद्र को सूचित किया। खोया पाया केंद्र से बालक के संबंध में सूचना प्रसारित होने पर बालक के मामा प्रकाश कंट्रोल रूम पहुंचे। जहां उन्हें बालक के खड़खड़ी चौकी में सुरक्षित होने कीजानकारी दी गयी। खड़खड़ी चौकी पहुंचे प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम नौगामा जिला बांसवाड़ा राजस्थान से पिता के अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार आए थे। उनके साथ उनका दस वर्षीय भांजा भी हरिद्वार आया था। जो कि भीड़ में उनसे बिछड़ गया था। पुलिस ने बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
लूटी गयी बाईक पर कांवड़ लेने हरिद्वार आए बदमाश को पुलिस ने दबोचा
हरिद्वार। गन प्वाइंट पर बाइक लूटकर उसी बाइक पर सवार होकर कांवड़ लेने हरिद्वार पहुंचे एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए बदमाश के कब्जे से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है। कांवड़ मेले में बिना साइलेंसर वाली बाइक पर प्रतिबंध के चलते चेकिंग अभियान के दौरान मायापुर चौकी पुलिस ने ऋषिकुल पुल के पास बिना साइलेंसर और बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली तो उसके पास से चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चेसिस नंबर से बाइक मालिक की जानकारी निकाली तो पता चला कि बीती 26 जून को दो बदमाशों ने द्वारिका एक्सप्रेस रोड़ गुरूग्राम में फ्लाई ओवर पर गन प्वाइंट पर बाइक लूट ली थी तथा थाना राजेंद्र पार्क ग्रुरूग्राम में बाइक लूट का मुकद्मा भी दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी की फोटो बाइक स्वामी को भेजकर तस्दीक भी करायी। गिरफ्तार किए गए आरोपी आयुष पुत्र मालचन्द निवासी मकान नं.161 गली नं.सी-3 थाना सैक्टर-9 गुरूग्राम हरियाणा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है। साथ ही हरियाणा पुलिस को भी सूचित कर दिया गया। पुलिस टीम में चौकी इंचार्ज एसआई रघुवीर सिंह रावत, कांस्टेबल अनिल चौहान व मुकेश उनियाल शामिल रहे।












