क्राइम न्यूज़: जनपद हरिद्वार की ताजा अपराधिक ख़बरें, यहां देखें

Listen to this article

हरकी पैड़ी पर स्नान कर रहे श्रद्धालु का बैग चोरी कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान कर रहे श्रद्धालु का बैग चोरी कर चंपत हुए आरोपी को गिरफ्तार कर नगर कोतवाली पुलिस ने बैग बरामद कर लिया। हरियाणा के रोहतक के रहने वाले सुभाष चंद पुत्र सरदारा पुलिस को तहरीर देकर हरकी पैडी गंगा स्नान के दौरान पिठ्ठू बैग जिसमें मोबाईल फोन, पर्स, कपडे, आधार कार्ड व घडी आदि थे,चोरी कर लिए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज करायी थी। मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल करते हुए पुलिस ने मंजीत सिंह पुत्र ओमवीर सिंह निवासी शिव बस्ती कालोनी झज्जर हरियाणा को गिरफ्तार कर बैग, मोबाइल फोन, पर्स, एक हजार रूपये व आधारकार्ड, घडी आदि बरामद कर लिए।


डांटने से नाराज होकर हरिद्वार आए बच्चों को परिजनों को सौंपा

हरिद्वार। घर वालों के डांटने से नाराज होकर हरिद्वार आए तीन नाबालिगों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की रात गश्त के दौरान ज्वालापुर कोतवाली पुलिस टीम को कस्साबान पुलिया के पास एक ऑटो में तीन नाबालिग बच्चे सोते हुए मिले थे। पूछताछ करने पर बच्चों ने अपने नाम अब्दुल रहमान पुत्र इस्लाम, रहमान पुत्र इस्लाम व मुदस्सिर पुत्र महमूद बताए। बच्चों ने बताया परिजनों के डांटने से नाराज होकर बिना बताए हरिद्वार आ गए थे। पूछताछ के बाद पुलिसकर्मी बच्चों को कोतवाली ले आए। विभिन्न माध्यमों से जानकारी करने पर पता चला कि तीनों बच्चे पथरी थाना क्षेत्र ग्राम अंबुवाला के रहने वाले हैं और थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज है। ज्वालापुर पुलिस ने थाना पथरी पुलिस से संपर्क किया। बच्चों के सबंध में जानकारी मिलने पर पथरी पुलिस के साथ बच्चों के परिजन ज्वालापुर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने बच्चों को पथरी पुलिस और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल अनूप नेगी, कांस्टेबल अजय पवार व होमगार्ड सुबोध कुमार शामिल थे।

घर का सपना दिखाकर धोखाधड़ी के आरोप में बिल्डर व उसकी सहयोगी महिला गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार में अपने घर का सपना दिखाकर करोड़ों की धोखाधड़ी करने के मामले में थाना बहादराबाद पुलिस ने ऑक्टागन बिल्डर के मालिक व उसकी सहयोगी महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों कुलदीप नन्दराजोग व अंजलि त्यागी के खिलाफ थाना बहादराबाद व यूपी के गौतमबुद्ध नगर में धोखाधड़ी के 4 दर्जन मुकद्मे दर्ज है। गिरफ्तार किया गया ऑक्टागन बिल्डर का मालिक कुलदीप नन्दराजोग धोखाधड़ी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। 10 महीने जेल में रहने के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर जमानत पर रिहा हुआ है। धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है। रोशनाबाद स्थित जिला पुलिस कार्यालय में प्रैसवार्ता के दौरान पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि कुलदीप नन्दराजोग ने ऑक्टागन बिल्डर्स प्रा.लि. के नाम से कम्पनी बनाई हैै। कम्पनी की आड़ में गैंग बनाकर जमीन बेचने के नाम पर धोखाधडी कर लोगों को ठगने का काम किया जा रहा था। जांच पड़ताल के दौरान कई व्यक्तियों से करीब 60 करोड रुपये की धोखाधडी किए जाने का पता चला है। गैंग में कुलदीप के अतिरिक्त सतपाल नन्दराजोग,अंजली त्यागी,संजीव गुप्ता,सौरभ गाँधी सक्रिय सदस्य हैं। गैंग लीडर एवं इसके सदस्य लोगो से जमीन दिलाने के नाम पर पैसे लेकर धोखाधडी करते है। जिसके सम्बन्ध मे थाना बहादराबाद में 45 एवं यूपी मे 3मुकद्मे हैं। गैंग के सदस्य एक निश्चित स्थान पर कॉलोनी बनाने व उसमे वर्ल्ड क्लॉस सुविधा का सपना दिखाकर लोगों से एडवांस लेते हैं। इसके अलावा कॉलोनी के विकास के नाम पर पैसा लेकर उन्हे बार-बार रजिस्ट्री का समय देकर बाद मे वही प्लॉट अन्य व्यक्ति को ज्यादा दामों मे बेचकर मुनाफा कमाते हैं। जिससे सैकडों लोगों को आर्थिक नुकसान पहुँचा है। आरोपियों के खिलाफ थाना बहादराबाद में गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी मुकद्मे दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।