एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने दलालों के चंगुल के मुक्त करायी दो नाबालिग बहनें
एक महिला सहित छह लोग गिरफ्तार

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत ह्यूमन ट्रैफिकिंग का खुलासा करते हुए एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर उनके चंगुल से दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया है। मुक्त करायी गयी दोनों नाबालिक यूपी के प्रयागराज की रहने वाली है। परिजनों की और से थाने में लड़कियों की गुमशुदगी दर्ज करायी गयी है और प्रयागराज पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मंगलवार को रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि रानीपुर कोतवाली अंतर्गत संजय नगर टिबड़ी स्थित एक मकान में किराए पर रह रहे एक दंपत्ति द्वारा संदिग्ध गतिविधियां चलाए जाने की सूचना पर एचटीयू यूनिट ने छापा मारकर मकान में किराए पर रह रहे व्यक्ति आलोक पुत्र सुरेश चंद्र शुक्ला निवासी ग्राम काली देवी मौहल्ला निकट रेलवे स्टेशन थाना गुमना जिला फरुखाबाद यूपी को हिरासत में लेकर मकान में मौजूद 17 व 14 वर्षीय दो नाबालिग सगी बहनों को मुक्त करा लिया। दोनों लड़कियां प्रयागराज की रहने वाली हैं और घर से भागकर दिल्ली चली गयी थी। दिल्ली में उनकी मुलाकात आलोक से हुई। आलोक नौकरी दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने साथ हरिद्वार में टिबड़ी स्थित किराए के मकान में ले आया। जहां आलोक और उसकी पत्नी ने दोनो लड़कियों को जिस्मफरोशी के धंधे के लिए तैयार रहने ओर प्रतिदिन 10 हजार रूपए देने की बात कही। पूछताछ में आलोक ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ दलालों से बातचीत कर सौदा फाइनल करने के लिए बाहर गयी हुई है। एसएसपी ने बताया कि आलोक को साथ लेकर पुलिस टीम ने सौदा करने आ रही दूसरी पार्टी की घेराबंदी करते हुए चंडीघाट पूल के पास से सेंट्रो कार में सवार प्रवीण पुत्र जय भगवान निवासी ग्राम सलेमपुर झबरेड़ा थाना नागल जिला बिजनौर यूपी हाल निवासी बिहारी कॉलोनी जमालपुर कनखल,पूजा पत्नी सतीश सकलानी निवासी थापा गली निकट ग्रीन वैली स्कूल सेलाकुई देहरादून,रामकुमार पुत्र भीम सिंह निवासी ग्राम खेड़ी थाना दादरी जिला गोतमबुद्ध नगर यूपी हाल निवासी रेलवे फाटक गाजियाबाद यूपी,अनश पुत्र मेहबूब निवासी ग्राम पिथोड़ थाना किरतपुर तहसील नजीबाबाद जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश व अनवर अंसारी पुत्र सलीम अंसारी निवासी ग्राम पितोरा थामा कायमगंज जिला फरुखाबाद यूपी हाल निवासी जमालपुर कला कनखल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आलोक अक्सर उन्हें लड़कियां और महिलाएं सप्लाई करता है। जिन्हें वे सस्ते दामों पर खरीदकर आगे बेच देते हैं या पैसे लेकर शादी करवा देते हैं। आलोक की पत्नी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रानीपुर में पॉक्सो व अन्य संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है। सूचना मिलने पर लड़कियों के परिजन भी हरिद्वार पहुंच गए हैं। एएचटीयू टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेंद्र कठैत,एसआई जयवीर सिंह रावत,हेड कांस्टेबल राकेश कुमार,कांस्टेबल बलवंत, विमल, महिला कांस्टेबल दीपा कल्याणी, रेशमा सुल्ताना व आरती शामिल रहे।
पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग छात्राओं को सहारनपुर से सकुशल बरामद किया
हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने गुमशुदा दो नाबालिग छात्राओं को सहारनपुर से सकुशल बरामद कर लिया। तीन दिन पूर्व दोनों छात्राएं सवेरे घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। शाम को वापस नही आने पर परिजनों ने छात्राओं को काफी तलाश किया। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। ग्राम सराय निवासी शादाब ने ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज करायी थी। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करने के बाद बाजार चौकी प्रभारी एसआई संदीपा भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना और जांच पड़ताल करते हुए सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर दोनों बालिकाओं को सहारनपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में छात्राओं ने पुलिस को बताया वे घूमने के लिए सहारनपुर पहुंच गयी थी। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
हिस्ट्रीशीटर पव्वे व चाकू के साथ गिरफ्रत में

हरिद्वार। नगर कोतवाली पुलिस ने देशी शराब व चाकू समेत एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए हिस्ट्रीशीटर अर्पित आनन्द पुत्र श्यामसुन्दर आनन्द निवासी पालिका बाजार के कब्जे से देशी शराब के 20 पव्वे व चाकू बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 26 मुकद्मे दर्ज हैं। पुलिस टीम में हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी एसआई अंकुर शर्मा,एएसआई राधाकृष्ण रतूड़ी, हेडकांस्टेबल संजयपाल व कांस्टेबल भूपेंद्र गिरी शामिल रहे।
हरकी पैड़ी पर हुडदंग मचा रहे तीन दबोचे

हरिद्वार। हरकी पैड़ी चौकी पुलिस ने आपरेशन मर्यादा के तहत कार्रवाई करते हुए हरकी पैड़ी पर लड़ाई झगड़ा कर हुड़दंग मचा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी गौरव पुत्र कमल निवासी आर्डनेंस फैक्ट्री रायपुर देहरादून, चन्द्रा पुत्र रामकुमार निवासी शिवमूर्ति चौक हरिद्वार व राहुल भारद्वाज पुत्र श्याम भारद्वाज निवासी कनखल के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया।











