क्राइम न्यूज़:  हरिद्वार में युवक की हत्या का मामला आया सामने, शव मिला नदी किनारे

Listen to this article

घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली

हरिद्वार : श्यामपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रवासन नदी के किनारे नालो वाला गांव मार्ग पर एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने सुबह युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतक के एक हाथ पर ‘एम’ अक्षर गुदा हुआ मिला है, जिससे उसकी पहचान करने में मदद मिल सकती है।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस का मानना है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश या लूटपाट हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा करने की उम्मीद है।