हरिद्वार: भारतीय संविधान के निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि को बीएचईएल हरिद्वार में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बीएचईएल उपनगरी स्थित स्वर्ण जयंती उद्यान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में महाप्रबंधक एवं प्रमुख (सीएफएफपी) रंजन कुमार ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में रंजन कुमार ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के सभी वर्गों के लिए सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक समानता का सपना देखा था। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के दबे-कुचले वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज को एक नई दिशा देने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर बीएचईएल के अन्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि और एससी/एसटी फेडरेशन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। सभी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
2024-12-06













