हरिद्वार: पंजाब नेशनल बैंक के मंडल कार्यालय ने बहादराबाद विकास खंड के सरस केंद्र में एक दिवसीय कृषि प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह (आईएएस) ने किया।
इस अवसर पर, पीएनबी प्रधान कार्यालय, नई दिल्ली से महाप्रबंधक पवन सिंह, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान, स्वयं सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज, किसानों को कृषि अवसंरचना कोष और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की जानकारी दी गई।
पंजाब नेशनल बैंक ने विभिन्न ऋण प्रस्तावों को सैद्धांतिक स्वीकृति दी। दोपहर 2:30 बजे तक, कुल 28.79 करोड़ रुपये के ऋण प्रस्ताव प्राप्त हुए और 6 लाभार्थियों को 3.12 करोड़ रुपये के स्वीकृति पत्र जारी किए गए।
इस प्रकार के कृषि प्रसार कार्यक्रम लक्सर, भगवानपुर विकास खंड और सुल्तानपुर गांव में भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में मध्य कॉर्पोरेट केंद्र प्रमुख मनीष कुमार कश्यप, जिला अग्रणी प्रबंधक संजय संत और पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
जनपद हरिद्वार में, इस कार्यक्रम के तहत 200 स्वयं सहायता समूहों के (कैश क्रेडिट लिमिट) मामलों का निपटारा किया गया, जिसमें कुल 11 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई।
जिलाधिकारी कर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि यह पहल कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देगी।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को शीघ्रता और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बताया कि जनपद हरिद्वार ने आकांक्षी जनपदों में वित्तीय समावेशन में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, एपीडी नलिनीत घिल्डियाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकर्स और लाभार्थी उपस्थित थे। इस दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का भी प्रसारण किया गया।
2025-03-01













