डीएम ने यमुनोत्री विधायक के संबंध में सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

Listen to this article

उत्तरकाशी: जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने सोशल मीडिया पर यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल के संबंध में फैलाई जा रही भ्रामक सूचना का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने ऐसी गलत जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह सूचना प्रसारित की जा रही थी कि सिलक्यारा में आयोजित एक कार्यक्रम में यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल को प्रोटोकॉल के अनुसार सूचना नहीं दी गई। इस भ्रामक जानकारी का खंडन करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में विधायक संजय डोभाल को प्रोटोकॉल के तहत मंच पर उचित स्थान दिया गया था।
जिलाधिकारी ने बताया कि विधायक प्रोटोकॉल के अनुरूप मंच पर विराजमान थे। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन और एनएचआईडीसीएल (NHIDCL) द्वारा विधायक को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया था।
इस संदर्भ में जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक सूचना फैलाना अनुचित है और इससे भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।