कुंभ मेला 2027: सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की एसओपी का पुनरीक्षण, आईजी ने दिए समीक्षा बैठक में निर्देश

Listen to this article

दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को सीसीआर हरिद्वार स्थित कार्यालय में कुंभ मेला, हरिद्वार के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मेला सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में आईजी कुंभ महोदय ने कुंभ मेला 2027 के लिए आपदा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन, सुरक्षा और संचार योजनाओं से संबंधित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पुनः परीक्षण कर विभिन्न बिंदुओं को उसमें शामिल कर दोबारा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बैठक में कुंभ मेला पुलिस लाइन व यातायात पुलिस लाइन के निर्माण कार्यों, तथा मेले में तैनात होने वाले पुलिस व अर्धसैनिक बलों के लिए आवासीय व्यवस्था व मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही, सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रचलित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और तैयार किए गए मॉक ड्रिल कैलेंडर के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला हरिद्वार श्री आयुष अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ श्री राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार श्री विपिन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस दूरसंचार श्री अरुण पाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री वंश बहादुर यादव, पुलिस उपाधीक्षक कुंभ मेला पुलिस लाइन श्री वेद प्रकाश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक यातायात कुंभ मेला श्री उमेश मलिक, यातायात निरीक्षक श्री हितेष कुमार सहित समस्त शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।