इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बकेवर क्षेत्र के दादरपुर गांव में एक कथावाचक के साथ हुई अभद्रता और मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। कथा आयोजक पक्ष द्वारा कथावाचकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से नाराज उनके समर्थकों ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
यादव संगठन से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर उतरकर नेशनल हाईवे-2 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दादरपुर गांव की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव भी किया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए स्थिति पर नियंत्रण पाया।
कथावाचकों के समर्थकों की मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे वापस लिए जाएं और कथावाचक के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दादरपुर गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
2025-06-27












