शिवभक्त कांवड़ियों की आवाजाही से सत्यम विहार में भय का माहौल, बिजली का पोल गिरने से करंट का खतरा

Listen to this article

हरिद्वार: हरिद्वार के सत्यम विहार, भोपत वाला क्षेत्र में विजय धाम के पास एक ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल गिर जाने से स्थानीय निवासियों में भारी भय व्याप्त है। बताया जा रहा है कि गिरे हुए पोल से करंट फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब श्रावण मास के चलते बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए हरिद्वार पहुंच रहे हैं। मुख्य मार्गों पर भीड़ से बचने के लिए कई कांवड़िए अब सत्यम विहार जैसी आवासीय कॉलोनियों की गलियों से होकर गुजर रहे हैं। कांवड़ियों की लगातार बढ़ती आवाजाही और उनके वाहनों के कारण कॉलोनीवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता वीरेंद्र तिवारी ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल इस गिरे हुए बिजली के पोल को ठीक करने की मांग की है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके । तिवारी ने कहा कि विद्युत विभाग को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और कॉलोनीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कांवड़ियों की भीड़ गलियों में आने से पहले ही उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था, और अब बिजली का पोल गिरने से करंट फैलने का खतरा उनकी परेशानी को और बढ़ा रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि वे कांवड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करें और आवासीय क्षेत्रों में उनकी आवाजाही को नियंत्रित करें। साथ ही, विद्युत विभाग को प्राथमिकता के आधार पर गिरे हुए पोल की मरम्मत करनी चाहिए।