कांवड़ यात्रा: हरिद्वार प्रशासन का राज्यों से समन्वय और सुविधाओं पर जोर

Listen to this article

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में हरिद्वार प्रशासन कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं और यात्रा को सुव्यवस्थित रखने के लिए अन्य राज्यों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न राज्यों के रेलवे, रोडवेज और सरकारी टीमें लगातार संपर्क में हैं, जिससे यातायात प्रबंधन बेहतर हुआ है और शहर में जाम की स्थिति नहीं बन रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि आम जनता को कांवड़ यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो। भारी भीड़ के कारण कूड़ा उठाने में आ रही दिक्कतों के मद्देनजर नगर निगम पर्यावरण मित्रों के सहयोग से कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था कर रहा है।
कांवड़ मेला सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए लगभग दो सौ सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, विद्युत, चिकित्सा उपचार, सड़क और परिवहन जैसी सुविधाओं की निगरानी कर रहे हैं। बरसात को देखते हुए विद्युत विभाग को विशेष सावधानी बरतने और नदी के जलस्तर बढ़ने की संभावना के चलते घाटों पर लगातार घोषणाओं के माध्यम से शिव भक्तों को सतर्क किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें और नदी में ज्यादा अंदर न जाएं। उन्होंने सभी जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि 23 जुलाई को जलाभिषेक के बाद, 26 जुलाई तक कांवड़ मार्गों, नहर पटरी, पार्किंग स्थलों, कांवड़ बाजार, हर की पैड़ी और मुख्य मार्गों पर हुई गंदगी को नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, जिला पंचायत और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के सहयोग से साफ कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।