हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति की बैठक में दिए निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला महिला एवं बाल कल्याण संरक्षण समिति की बैठक में सभी सदस्यों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग द्वारा बचाए गए बच्चों और महिलाओं को समय पर घर भेजने, बाल मजदूरी से मुक्त कराए गए बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने और उनके फॉलो-अप की व्यवस्था करने को कहा। 14 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए कंप्यूटर शिक्षा और खेलों में रुचि रखने वालों को समय पर जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए।

अवैध विद्युत कनेक्शनों को हटाने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी अधिशासी अभियंताओं (यूपीसीएल) को 15 दिनों के भीतर सभी अवैध और असुरक्षित विद्युत कनेक्शनों को हटाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा न होने पर बड़े हादसे की संभावना है। आदेश का पालन न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अगस्त महीने का वेतन तभी जारी होगा जब इस काम की रिपोर्ट और प्रमाण पत्र जमा कर दिए जाएंगे।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में महिलाओं के अधिकारों का हनन

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में महिला कर्मचारियों के अधिकारों का कथित हनन किए जाने के विरोध में कर्मचारियों का धरना 26वें दिन भी जारी रहा। शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज ने आरोप लगाया कि आर्य समाज की प्रायोजित संस्थाओं के इशारे पर शिक्षित महिलाओं को मुख्य परिसर से हटाकर उनके पद और अधिकार छीन लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई वैदिक शिक्षा और यूजीसी के नियमों के खिलाफ है। कर्मचारियों ने इस मामले में भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।

राज्यों में बूथ एजेंट नियुक्त करने का आह्वान

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पीआर चौहान ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने 1 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची में संशोधन के लिए सभी राजनैतिक दलों से विधानसभा और बूथ स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने का आह्वान किया। इन एजेंट्स को अपने-अपने क्षेत्र के नए मतदाताओं और मतदाता सूची में सुधार की जानकारी निर्वाचन कार्यालय को देनी होगी।

पुलिस ने जुआ खेलते 7 लोगों को पकड़ा

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ज्वालापुर पुलिस ने अभियान चलाते हुए जुआ खेलने वाले 7 आरोपियों को छाज वाली गली, पीठ बाजार से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1530 रुपये, चार्ट और पोस्टर बरामद किए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

ब्रिटिश संसद में भारतीय

अध्यात्म का गौरव

हरिद्वार। ब्रिटेन की संसद (हाउस ऑफ पार्लियामेंट) में आयोजित ‘पीस एंड लीडरशिप कॉन्क्लेव 2025’ में अखिल विश्व गायत्री परिवार के डॉ. चिन्मय पंड्या ने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और नैतिक नेतृत्व का संदेश दिया। उन्होंने गायत्री मंत्र की साधना और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की विचारधारा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस आयोजन में कई अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने डॉ. पंड्या के विचारों की सराहना की।