चमोली: विष्णुप्रयाग बैराज से अलकनंदा नदी में अचानक गाद बढ़ने के कारण, आज सुबह 1:54 बजे नदी में 70 क्यूमेक्स अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इससे नदी का कुल जल प्रवाह 112 क्यूमेक्स से बढ़कर 182 क्यूमेक्स हो गया है, जिससे नदी के निचले इलाकों में जलस्तर और बहाव में तेजी आ सकती है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनता को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग नदी के किनारों पर जाने से बचें और गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें, केवल निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करें।
अधिकारियों को भी हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है। सभी संबंधित विभाग और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी चौबीसों घंटे तैयार रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने और जानकारी साझा करने के लिए कहा गया है। सभी राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा, सभी चौकी और थाने आपदा से संबंधित उपकरणों और वायरलेस के साथ हाई अलर्ट पर रहेंगे। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का फोन स्विच ऑफ नहीं होना चाहिए। अधिकारियों को बारिश से संबंधित उपकरण जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च, और हेलमेट अपने वाहनों में रखने के लिए भी कहा गया है।
यदि लोग कहीं फंस जाते हैं, तो उनके लिए भोजन और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगर और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और पुलियों में किसी भी तरह की रुकावट को तुरंत हटाने का आदेश दिया गया है ताकि पानी का बहाव बना रहे।
2025-08-03














