हरिद्वार संक्षिप्त:  हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

गुरुकुल कांगड़ी के कर्मचारियों को मिला सामाजिक संस्थाओं का समर्थन

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना 48वें दिन भी जारी रहा। इस आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य व्यक्तियों का लगातार समर्थन मिल रहा है। शनिवार को प्रसिद्ध पर्यावरणविद् विजयपाल सिंह बघेल (ग्रीन मैन) और वरिष्ठ समाजसेवी प्रमोद कुमार ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया। विजयपाल सिंह बघेल ने कहा कि सरकार को तुरंत अधिनियम 2023 को समविश्वविद्यालय में लागू करना चाहिए। शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज और महामंत्री नरेंद्र मलिक ने समर्थन देने के लिए विजयपाल सिंह बघेल और प्रमोद कुमार का आभार व्यक्त किया।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का धरना जारी, 28 अगस्त को महापंचायत

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ता बहादराबाद टोल प्लाजा पर स्मार्ट मीटर, लाठीचार्ज और गन्ना मूल्य वृद्धि जैसी मांगों को लेकर तीसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा कर रही है, जिससे किसानों में बहुत गुस्सा है। किसानों ने बृहस्पतिवार को उन पर हुए लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। यूनियन के जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने 28 अगस्त को बहादराबाद टोल प्लाजा पर महापंचायत बुलाने की घोषणा की, जिसके बाद किसान देहरादून की ओर कूच करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह आंदोलन पूरे प्रदेश में फैल जाएगा।

  ड्रिंक एंड ड्राइव: 11 वाहन सीज, लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू

हरिद्वार। यातायात नियमों का उल्लंघन कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर दो कार, दो ई-रिक्शा और सात बाइक सहित कुल 11 वाहनों को सीज किया। इन सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान चंडी चौक, ब्रह्मपुरी तिराहा और रोडवेज बस अड्डे के पास चलाया गया। इस दौरान 45 अन्य वाहन चालकों का भी चालान कर 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर कोतवाली प्रभारी रीतेश शाह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

विधानसभा सत्र जल्द खत्म करने पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

हरिद्वार। गैरसैंण में आयोजित विधानसभा के मानसून सत्र को समय से पहले ही स्थगित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व मेयर अनिता शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शंकर आश्रम तिराहे से चंद्राचार्य चौक तक पैदल मार्च निकाला। इस अवसर पर अनिता शर्मा और विधायक रवि बहादुर ने कहा कि सरकार जनता के सवालों से बचने के लिए सत्र को जल्दी खत्म कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जनविरोधी काम कर रही है और जनता के मताधिकार को छीना जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा।