हरिद्वार: स्कूलों के पास नहीं बिकेंगे तंबाकू और गुटखा उत्पाद-जिलाधिकारी

Listen to this article

हरिद्वार, 15 सितंबर, 2025: युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने एनसीओआरडी (NCORD) की बैठक में सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों के पास तंबाकू और गुटखा की दुकानें संचालित न हों।

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि स्कूलों के बाहर यदि कोई व्यक्ति तंबाकू या गुटखा का सेवन करता पाया जाता है, तो उसका सामान जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने पुलिस और समाज कल्याण विभाग को नशे के खिलाफ लगातार संयुक्त छापेमारी करने और आम जनता को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का निर्देश भी दिया। इस अभियान में स्थानीय नेताओं, धर्मगुरुओं और गैर-सरकारी संगठनों का सहयोग भी लिया जाएगा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।