हरिद्वार में खतरे के निशान के पास पहुंची गंगा, निचले इलाकों में अलर्ट जारी

पहाड़ों में भारी बारिश से हरिद्वार में बढ़ा गंगा का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
संक्षिप्त समाचार: उत्तराखंड के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में हो रही लगातार बारिश के कारण हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा नदी चेतावनी स्तर को पार कर 293.10 मीटर पर बह रही है, जो कि खतरे के निशान (294 मीटर) के बेहद करीब है। यूपी सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन ने निचले इलाकों और सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से गंगा घाटों व किनारे न जाने की अपील की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का होटलों व रेस्टोरेंटों पर छापा, 7 सैंपल जांच के लिए भेजे

भूपतवाला, बहादराबाद और सिडकुल के होटलों में अनियमितताएं, कई जगह थमाए नोटिस
हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भूपतवाला, बहादराबाद और सिडकुल स्थित होटलों एवं रेस्टोरेंटों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान डीप फ्रीजर में गंदगी, खुले एवं सड़े-गले खाद्य पदार्थ और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी भारी अनियमितताएं पाई गईं। बहादराबाद के एक होटल और पेंटागन मॉल के एक रेस्टोरेंट को नोटिस जारी किया गया। मौके से लाल मिर्च, पनीर, शेक और सिरप समेत कुल 7 खाद्य पदार्थों के लीगल सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
शिक्षिका नेहा जोशी ‘राष्ट्रीय शिक्षक रत्न’ और ‘हिंदी सेवा सम्मान’ से सम्मानित
संक्षिप्त समाचार: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज (भेल सेक्टर-2) की प्रवक्ता एवं सेवा भारती की जिला शिक्षा आयाम प्रमुख नेहा जोशी को शिक्षा, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए आगरा में आयोजित एक राष्ट्रीय कार्यक्रम में ‘राष्ट्रीय शिक्षक रत्न सम्मान’ और ‘हिंदी सेवा सम्मान’ से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान शिक्षा, अध्यात्म, शोध, पर्यावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में दिए गए प्रेरणादायक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
अमेरिकन आश्रम की संपत्ति बिक्री विवाद में जांच की मांग
अमेरिकन आश्रम की कथित बिक्री पर विवाद गहराया, पार्षद ने डीएम-एसएसपी से की जांच की मांग
भूपतवाला स्थित प्राचीन धार्मिक धरोहर ‘अमेरिकन आश्रम स्वामी देवानंद ट्रस्ट’ की संपत्ति की कथित बिक्री और रजिस्ट्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा पार्षद सुनीता शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर से मुलाकात कर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। आरोप है कि सक्षम न्यायिक अनुमति के बिना ट्रस्ट की संपत्ति को बेचा गया, जिससे जनसेवा कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
मेयर किरण जैसल ने डीएम मयूर दीक्षित से की शिष्टाचार भेंट

कांवड़ मेले के सफल आयोजन पर मेयर ने डीएम को दी बधाई, विकास कार्यों पर हुई चर्चा
हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से मुलाकात कर कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन की सराहना की और बधाई दी। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं तथा हाल ही में हुई बारिश से उत्पन्न जलभराव की समस्या के निस्तारण को लेकर प्रशासनिक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की। डीएम ने नगर निगम के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।













