हरिद्वार के पिरान कलियर में साबिर पाक के सालाना उर्स की तैयारियों के दौरान मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हज हाउस के सामने जायरीनों की सुविधा के लिए जर्मन हैंगर लगाने के काम में लगे उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 38 वर्षीय मजदूर रामचंद्र की काफी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।
वह पाइप लगाने के दौरान अपना संतुलन खो बैठा और गंभीर रूप से चोटिल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेज दिया।
इस घटना के बाद जर्मन हैंगर लगाने वाले ठेकेदार की कार्यप्रणाली और मजदूरों के लिए सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट जैसे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा में हुई संभावित लापरवाही का पता लगाया जा सके।













