हरिद्वार: कोतवाली ज्वालापुर और थाना बहादराबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई शनिवार देर रात की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान स्वामी हंसदेश पुनियानी उर्फ हंसराज, सुनील कत्याल उर्फ कालिया, और रोहताश के रूप में हुई है।
इन आरोपियों के खिलाफ 26 सितंबर 2025 को कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा संख्या 549/2025, धारा 2(ख)(1) व 11/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी फर्जी जमीन और ट्रस्ट के दस्तावेज तैयार कर लोगों से धोखाधड़ी करते थे और मारपीट जैसी वारदातों में भी शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ हरिद्वार जिले के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष बहादराबाद अंकुर शर्मा ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार थे और संगठित अपराध के जरिए लोगों को ठग रहे थे। पुख्ता सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य संगठित अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष बहादराबाद अंकुर शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज सिंह रावत, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, अ0उ0नि0 अनिल सैनी, कांस्टेबल अंकित कवि, अनिल चौहान, माहेश्वर, बलवंत और नितुल यादव की अहम भूमिका रही।














