उत्तराखंड राज्य निर्माण की रजत जयंती पर कांग्रेस ने शहीदों को किया नमन; उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प

Listen to this article

हरिद्वार:   जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के निर्देशानुसार उत्तराखंड राज्य निर्माण के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रामपुर तिराहा स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।

​इस मौके पर जिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने शहीदों को नमन करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि शहीदों की भावनाओं के अनुरूप, भाजपा सरकार को उत्तराखंड में ध्वस्त हो चुकी बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतरी पर काम करना चाहिए।

पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान और वरिष्ठ नेता मनोज सैनी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विधानसभा में सार्थक चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन सरकार षड्यंत्र के तहत उत्तराखंड में पहाड़ और मैदान के बीच वैमनस्य फैलाना चाहती है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और राजबीर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड निर्माण के रजत जयंती वर्ष में हमें यह चिंतन करना होगा कि कैसे शिक्षा और स्वास्थ्य को आमजन तक सुलभ तरीके से पहुंचाया जाए।

महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी और महानगर कांग्रेस महासचिव तरूण व्यास ने दुख व्यक्त किया कि आंदोलनकारियों ने प्रदेश की बेहतरी का सपना देखा था, लेकिन 25 वर्ष बीत जाने पर भी उत्तराखंड में आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्षरत है, जो निंदनीय है। पार्षद सोहित सेठी और युवा नेता अजय गिरी ने आंदोलनकारियों के त्याग और बलिदान को अविस्मरणीय बताया।

​इस अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में हिमांशु राजपूत, उज्जवल वालिया, मनीष गुप्ता, गौरव गोस्वामी, ऋषभ वशिष्ठ, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम जोशी, मयंक त्यागी, अरूण चौहान, शोकत अली चीचू, आशीष कुमार, सचिन कुमार आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे।