महानगर कांग्रेस ने हरिद्वार के एक भाजपा कार्यकर्ता पर बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान करने का गंभीर आरोप लगाया है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत पाण्डेय ने 11 नवंबर (मंगलवार) को बिहार की गोबिंदपुर विधानसभा सीट पर मतदान किया है, जबकि उनका नाम हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज है।
कांग्रेस ने भाजपा नेता पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए इस मामले को जिला निर्वाचन अधिकारी और राज्य निर्वाचन आयोग में दर्ज कराने की बात कही है। अमन गर्ग ने भाजपा नेता के हरिद्वार और बिहार दोनों जगह मतदाता सूची में नाम होने के दस्तावेजी प्रमाण और मतदान के बाद जारी सेल्फी का स्क्रीनशॉट भी प्रस्तुत किया।
कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच करने और FIR दर्ज करने की माँग की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है और वोट चोरी बड़े पैमाने पर की जा रही है।












