हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

बीएचईएल हरिद्वार: गुणवत्ता माह का समापन

बीएचईएल हरिद्वार में गुणवत्ता माह का समापन भव्य समारोह के साथ हुआ। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक रंजन कुमार ने कहा कि “गुणवत्ता ही उज्जवल भविष्य का आधार है”। उन्होंने रिवर्क और रिजेक्शन में कमी लाने पर जोर दिया और गुणवत्ता को सामूहिक ज़िम्मेदारी बताया। गुणवत्ता माह की थीम “सहयोग, नवाचार, उत्कृष्टता” थी।

  हरिद्वार-फेरुपुर NH-334 का निरीक्षण

​परिवहन, पुलिस (ट्रैफिक), और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने NH-334 के हरिद्वार-फेरुपुर खंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण में देशरक्षक तिराहा, राजा गार्डन तिराहा जैसे क्षेत्रों में यातायात दबाव और अतिक्रमण पाया गया। टीम ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लिंकर लाइट्स और रंबल स्ट्रिप्स लगाने, तथा सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की अनुशंसा सड़क सुरक्षा समिति से करने का निर्णय लिया है।

  गंगा घाटों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

​जिला गंगा संरक्षण समिति की बैठक में सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने नगर निगम को गंगा घाटों पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नालियों का गंदा पानी और कूड़ा-कचरा किसी भी हाल में गंगा में न जाए। सीडीओ ने एसटीपी पर लगे सीसीटीवी कैमरों के पासवर्ड समिति सदस्यों को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया।

नशामुक्त भारत अभियान: 07 दिसंबर को शिविर

​नशामुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए 07 दिसंबर 2025 को उत्तराखंड विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में कोर कॉलेज में बहुउद्देशीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी दीक्षित ने बैठक कर अधिकारियों को स्टॉल लगाने, स्लोगन/पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित करने और मानसिक रोगियों के परीक्षण हेतु स्वास्थ्य कैंप लगाने के निर्देश दिए। शिविर के मुख्य अतिथि उच्च न्यायालय नैनीताल के मुख्य न्यायाधीश होंगे।