मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में, सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की महत्वपूर्ण बैठक सूचना निदेशालय में संपन्न हुईं।
बैठक में पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए, जिनके तहत:
- आर्थिक सहायता: समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से 15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की है।
- चिकित्सा उपचार: इसके अतिरिक्त, गंभीर बीमारी से ग्रस्त दो पत्रकारों को उनके चिकित्सा उपचार के लिए भी ₹5-5 लाख की सहायता स्वीकृत करने की संस्तुति की गई है।
- कुल 17 मामलों में (15 दिवंगत पत्रकारों के आश्रित और 2 गंभीर रूप से बीमार पत्रकार) ₹5-5 लाख की सहायता राशि स्वीकृत करने की संस्तुति की गई है।
- पत्रकार सम्मान पेंशन: समिति ने मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8 हजार प्रतिमाह की दर से पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की है।
सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को यथासंभव मदद पहुंचाने का निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि इसी प्रतिबद्धता के चलते समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं ताकि प्राप्त मामलों का पूरी संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण किया जा सके।
बैठक में सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह और समितियों के सदस्यगण लक्ष्मण सिंह नेगी, गिरीश तिवारी, अमित शर्मा, श्रीमती शशि शर्मा उपस्थित रहे।













