मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जनपद के पोखरी ब्लॉक में स्कूल के पास हुए भालू के हमले की घटना का संज्ञान लेते हुए घायल छात्र से फोन पर बात कर उसका हाल जाना। उन्होंने घायल के बेहतर उपचार और परिवार को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को बचाने वाली दो साहसी छात्राओं, दिव्या और दीपिका की जमकर प्रशंसा की और उनकी बहादुरी को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और वन विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों और स्कूलों के आसपास गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












