ऋषिकेश: घर में अकेली महिला की गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में दहशत

Listen to this article

ऋषिकेश के शिवाजी नगर स्थित गली नंबर 16 में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ घर में अकेली रहने वाली 32 वर्षीय महिला प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों ने कमरे से गोली चलने की आवाज सुनी और हमलावर को मौके से भागते हुए देखा। घर के भीतर महिला का शव लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ा मिला, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट और एसपी देहात जया बलूनी ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा।

​मृतका मूल रूप से यमकेश्वर की रहने वाली थी और ऋषिकेश एम्स में आउटसोर्सिंग कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी। प्रीति का अपने पति से तलाक हो चुका था और उसका 8 साल का बेटा अपने नाना-नानी के पास रहता था। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए हैं और पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर लक्सर (हरिद्वार) निवासी सुरेश गुप्ता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।