हरिद्वार संक्षिप्त: हरिद्वार जनपद की ताजा खबरें,  यहां देखें

Listen to this article

ज्वालापुर में शराब तस्कर और सट्टेबाज गिरफ्तार

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने शिव प्रसाद और वंश शर्मा को 102 पव्वे देशी शराब के साथ दबोचा। वहीं, एक अन्य कार्रवाई में सैफ अली को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए पकड़ा गया, जिसके पास से नकद राशि और सट्टा सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी और जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कांग्रेस नेताओं ने विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन की निंदा की

हरिद्वार। देहरादून में कांग्रेस के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने रोष व्यक्त किया है। प्रेस क्लब में वार्ता करते हुए जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह और तीर्थपाल रवि ने कहा कि यह प्रदर्शन सत्ता के इशारे पर किया गया था और इसमें शामिल लोगों को मुद्दों की जानकारी तक नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज को गुमराह कर इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि बेलड़ा प्रकरण और दलित उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रदर्शनकारी नेता हमेशा चुप रहे।

राजलोक कॉलोनी मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

हरिद्वार। ज्वालापुर की राजलोक कॉलोनी स्थित मंदिर में भव्य मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, विधायक आदेश चौहान और राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। मेयर ने शिवरात्रि की शुभकामना देते हुए कहा कि महादेव की आराधना से सुख-समृद्धि आती है। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सरकारी सुविधाओं और कांवड़ मेले के सफल प्रबंधन की भी जानकारी दी गई।

भाजयुमो ने कांवड़ियों को वितरित किया फल-प्रसाद

हरिद्वार। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित किया। भुल्लर ने भगवान शिव से प्रदेश की उन्नति की कामना की और अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी से आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और अन्य कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य में हाथ बंटाया।

ब्रह्मलीन महंत निरंजन दास को संतों ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में विभिन्न अखाड़ों के संतों ने ब्रह्मलीन कोठारी महंत निरंजन दास महाराज को याद किया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी और श्रीमहंत दुर्गादास ने उन्हें त्याग और तपस्या की प्रतिमूर्ति बताया। वक्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म और समाज सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक सहित बड़ी संख्या में संत और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।