मंगलौर पुलिस ने पकड़ा कार लुटेरा, लूटी गई नेक्सॉन और मोबाइल बरामद

Listen to this article

दोस्तों को रसूख दिखाने के लिए की थी कार लूट, हरियाणा का शातिर अपराधी हरिद्वार में गिरफ्तार

हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में हुई कार लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नेक्सोन कार और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

​घटना के अनुसार, 14 मार्च की शाम मंगलौर निवासी रोहित कुमार से तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी नेक्सोन कार लूट ली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। भागते समय आरोपियों की कार से एक स्कूटी सवार को टक्कर लग गई, जिससे कार का टायर फट गया। पुलिस से खुद को घिरता देख आरोपी लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग निकले। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने डिजिटल साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी नीरज, निवासी सोनीपत (हरियाणा) को गिरफ्तार किया।

​पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ हरियाणा से हरिद्वार घूमने आया था, लेकिन शराब पीने के दौरान विवाद होने पर उसके साथी उसे छोड़कर चले गए। साथियों को नीचा दिखाने और खुद के पास गाड़ी होने का दिखावा करने के लिए उसने रुड़की से किराए पर कार बुक की और चालक को धक्का देकर गाड़ी लूट ली। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह हरियाणा में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।