ताजा खबरें: जनपद हरिद्वार में आज की ताजा खबरें, यहां जानिए

Listen to this article

कांग्रेस निभा रही जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका: विधायक रवि बहादुर

​हरिद्वार के प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि हालिया बजट सत्र में कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर सरकार को मजबूती से घेरा। उन्होंने बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि इसमें युवाओं, किसानों और महिलाओं की अनदेखी की गई है। साथ ही, अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले की चर्चा में हरिद्वार का नाम न होने और क्षेत्र में गैस की किल्लत पर भी कांग्रेस नेताओं ने सरकार की घेराबंदी की।

पेंशन 5 हजार रुपये करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन

​वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने दिव्यांगों, विधवाओं और वृद्धों की भरण-पोषण पेंशन को 1500 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये मासिक करने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि जहाँ विधायकों और आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाई गई है, वहीं इन वर्गों की अनदेखी हो रही है। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अन्य राज्यों की तर्ज पर पेंशन वृद्धि की मांग की गई है।

प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की राजा गार्डन इकाई गठित

​हरिद्वार में प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की नई इकाई का गठन किया गया, जिसमें अभिषेक चौहान को अध्यक्ष और पंकज बागड़ी को महामंत्री नियुक्त किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने व्यापारियों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी जैसी समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन से वार्ता की जाएगी। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने व्यापारी हितों के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

ई-रिक्शा चालक मनीष हत्याकांड: माता-पिता ने की सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

हरिद्वार। विष्णु लोक कॉलोनी के दिव्यांग ई-रिक्शा चालक मनीष की हत्या के मामले में उसके माता-पिता, रामाश्रय और रानी ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मनीष की हत्या केवल मोबाइल विवाद के कारण नहीं, बल्कि एक गहरे षड्यंत्र के तहत की गई है।

​बता दें कि 1 फरवरी से लापता मनीष का शव पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया था। पुलिस जाँच में सामने आया कि मोबाइल छीनने के विवाद में अयान और बिलाल ने मनीष की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने अयान को जेल भेज दिया है, लेकिन बिलाल अभी भी फरार है। माता-पिता का दावा है कि इस हत्याकांड में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जाँच करने और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की माँग की है ताकि उनके परिवार को इंसाफ मिल सके।

गैस किल्लत के खिलाफ सपा का हल्लाबोल; पेट्रोलियम मंत्री के इस्तीफे की माँग

हरिद्वार। प्रदेश में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर स्थित कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष महंत शुभम गिरी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सरकार और प्रशासन के दावों को पूरी तरह विफल बताया गया।

​महंत शुभम गिरी ने कहा कि गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। गैस संकट के कारण कई होटल, ढाबे और अन्नक्षेत्र बंद होने की कगार पर पहुँच गए हैं। सपा नेताओं ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की माँग करते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में सुमित तिवारी, राव धन्नु और असीम सलमानी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।