उत्तराखंड: देहरादून-हल्द्वानी में आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का 21 मार्च को हल्द्वानी दौरा, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद

हल्द्वानी। आगामी 21 मार्च को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जनपद भ्रमण को लेकर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सर्किट हाउस में हाई-लेवल मीटिंग की। रक्षा मंत्री हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।आयुक्त ने लोनिवि को सड़कों के गड्ढे भरने, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और पार्किंग की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर पंडाल और मंच निर्माण के कार्यों का जायजा लिया।

गैस वितरण प्रणाली में सुधार: ओटीपी आधारित होम डिलीवरी से केंद्रों पर भीड़ खत्म

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर देहरादून में एलपीजी की सुचारू आपूर्ति के लिए प्रशासन की क्यूआरटी टीम सक्रिय हो गई है। नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह और एसडीएम सदर हरी गिरी ने डालनवाला और बद्रीपुर स्थित हिमानी, आधुनिक और अरविन्द गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया।

​अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर अब सीधे उपभोक्ताओं के घर पहुंचेंगे, इसलिए गोदामों से वितरण न किया जाए। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल घर पर सिलेंडर प्राप्त होने पर ही ओटीपी साझा करें। एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बुकिंग के लिए व्हाट्सएप नंबर और मोबाइल ऐप की जानकारी वाले बड़े फ्लेक्सी बोर्ड लगाएं ताकि जनता जागरूक हो सके।

उत्तराखंड में व्यावसायिक एलपीजी के लिए नई एसओपी लागू, किल्लत होगी दूर

देहरादून। राज्य में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) लागू कर दी गई है। इसके तहत तेल कंपनियों ने जनपदवार आवंटन शुरू कर दिया है। प्रत्येक एजेंसी को उसके पास उपलब्ध व्यावसायिक कनेक्शनों की संख्या के आधार पर सिलेंडर दिए जाएंगे।

​अपर आयुक्त खाद्य पी.एस. पांगती ने बताया कि मंगलवार शाम तक 19 किलो के 794 और 47.5 किलो के 85 सिलेंडर आवंटित किए जा चुके हैं। इससे होटल, रेस्टोरेंट और फार्मा इकाइयों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है।

सरकार के 4 वर्ष पूर्ण: देहरादून में भव्य आयोजन, सविन बंसल ने कसी कमर

देहरादून। राज्य सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस अवसर पर ‘तिब्बती मार्केट ऑटोमेटेड पार्किंग’, कैब सेवा और आधुनिक आईसीयू सेंटर का लोकार्पण किया जाएगा।

​जिलाधिकारी ने विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएं। स्वास्थ्य विभाग को महिलाओं के लिए विशेष हेल्थ डेस्क और समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल की विकास परियोजनाओं को दी रफ्तार

नैनीताल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रशासनिक अकादमी में जिले की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना (लागत ₹3678.23 करोड़) को जून 2029 तक और बलियानाला उपचार कार्य को 2028 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

​बैठक में काठगोदाम और रामनगर बस टर्मिनल, हल्द्वानी सीवरेज सिस्टम और नमो भवन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले में अतिक्रमण हटाओ अभियान और ‘निर्विवाद वारिसान नामांतरण’ के तहत 21,452 लोगों को लाभ पहुंचाया गया है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को मासिक लक्ष्य निर्धारित कर गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की हिदायत दी।