एम्स ऋषिकेश में ‘पहाड़ की नारी, देश की शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन
ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एम्स ऋषिकेश के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वरम जी महाराज ने शिरकत की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर राज्य की महिलाओं के संघर्ष और समर्पण की सराहना की।
शंकराचार्य जी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी का स्थान सर्वोपरि है और आज उत्तराखंड की बेटियां हर क्षेत्र का नेतृत्व कर रही हैं। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि अंतिम छोर पर खड़ी महिला को न्याय दिलाना ही उनका लक्ष्य है। इस दौरान सुरक्षा, शिक्षा और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 महिलाओं (जैसे जया बलूनी, स्वर्ण पदक विजेता मुस्कान आदि) को सम्मानित किया गया।
राज्य सरकार के 4 वर्ष पूर्ण: हरिद्वार में 23 से 25 मार्च तक होंगे भव्य कार्यक्रम

हरिद्वार। प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ थीम के तहत जनपद में तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण ने अधिकारियों को तैयारियों के निर्देश दिए हैं।
मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में होगा। इसके अलावा तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन शिविरों में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, चिकित्सा शिविर, रक्तदान और दिव्यांगजन सहायता कैंप लगाए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है।
कुंभ मेला-2027: आधुनिक कमांड सेंटर और नए पुलों को मिली स्वीकृति

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 के लिए बुनियादी ढांचे के विकास को रफ्तार मिल गई है। राज्य सरकार ने हरिद्वार में नए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीआर-2) और दो नए पुलों के निर्माण के लिए बजट और स्वीकृति जारी कर दी है।
सीसीआर-2 भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर हेलीपैड बनाया जाएगा, जिससे आपात स्थिति में एयर रेस्क्यू और भीड़ प्रबंधन आसान होगा। इसके अलावा खड़खड़ी में सूखी नदी पर डबल लेन केबिल नेट आर्च पुल और मायापुर स्कैप चैनल पर बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर पुल का निर्माण किया जाएगा। मेलाधिकारी सोनिका ने कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ तुरंत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
भेल में राष्ट्रव्यापी सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का आगाज

हरिद्वार। बीएचईएल (BHEL) हरिद्वार के मुख्य चिकित्सालय में महिलाओं को जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए एचपीवी (HPV) राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने प्रमुख (चिकित्सा सेवाएं) डॉ. शारदा स्वरूप की उपस्थिति में किया।
इस अवसर पर रंजन कुमार ने कहा कि यह अभियान महिलाओं और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में भेल का एक बड़ा कदम है। डॉ. शारदा स्वरूप ने ‘यू-विन’ पोर्टल की जानकारी देते हुए इसे टीकाकरण प्रबंधन का सशक्त डिजिटल प्लेटफॉर्म बताया। डॉ. दीपा कर्मा शिल्पी ने सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों और टीकाकरण की अनिवार्यता पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में डॉ. एस.पी. सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कन्या गुरुकुल में मनाया गया विश्व प्रसन्नता दिवस; छात्राओं ने दिए खुशहाली के मंत्र

हरिद्वार। कन्या गुरुकुल के मनोविज्ञान विभाग द्वारा ‘विश्व प्रसन्नता दिवस’ पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ‘ख़ुशी, प्यार और देखभाल साझा करना’ के तहत छात्राओं ने लघु नाटिका, नृत्य और गायन के माध्यम से यह संदेश दिया कि वास्तविक खुशी भौतिक सफलता में नहीं, बल्कि मानसिक शांति और संतुष्टि में निहित है।
विभाग प्रभारी डॉ. सुनीता रानी ने तनाव मुक्त जीवन जीने के लिए दूसरों के प्रति दयालुता की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं डॉ. ऋचा सक्सेना ने सुझाव दिया कि सामाजिक जुड़ाव, व्यायाम और प्रकृति के साथ समय बिताने से प्रसन्नता मिलती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. पारुल मलिक, भव्या अरोड़ा और दीपा साहू का विशेष सहयोग रहा।












