प्रेस क्लब हरिद्वार की कार्यकारिणी का बड़ा फैसला: कथित पत्रकारों के प्रवेश पर रोक, नई समितियां गठित

Listen to this article

पत्रकारिता की गरिमा बचाने को कड़े नियम लागू

प्रेस क्लब हरिद्वार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की वर्ष 2026 की पहली बैठक में पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने और क्लब की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में क्लब के कार्यों को सुव्यवस्थित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिसमें अनुशासन समिति के लिए श्री गोपाल रावत, श्री आदेश त्यागी व श्री अमित शर्मा, संविधान संशोधन समिति के लिए श्री रामचंद्र कनौजिया, श्री दीपक नौटियाल व श्री श्रवण झा और खेल समिति के लिए श्री राहुल वर्मा, श्री मनोज रावत व श्री मनोज खन्ना को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं स्वच्छता समिति में डॉ. शिवा अग्रवाल व डॉ. राधिका नागरथ, वाचनालय व स्टूडियो संचालन में श्री संदीप शर्मा, श्री रामेश्वर गौड व श्री नरेश दीवान शैली और उद्यान समिति में श्री राजकुमार व श्री सुनील पाल को शामिल किया गया है।

​शहर में कथित पत्रकारों द्वारा पत्रकारिता के स्तर को गिराने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कार्यकारिणी ने विवादित और कथित पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। नए नियमों के अनुसार, प्रेस वार्ता की सूचना पर पत्रकार केवल निर्धारित समय से आधा घंटा पहले आ सकेंगे और वार्ता समाप्त होने के आधे घंटे के भीतर उन्हें परिसर छोड़ना होगा। बिना किसी ठोस कार्य या निमंत्रण के क्लब परिसर में सुबह से शाम तक जमावड़ा लगाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

​संस्था के विस्तार के लिए गुरुकुल कांगड़ी, संस्कृत विश्वविद्यालय, शांतिकुंज, बीएचएल और पतंजलि योगपीठ के जनसंपर्क अधिकारियों को पदेन सदस्य बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही क्लब की लाइब्रेरी में विशिष्ट अतिथियों की फोटो गैलरी लगाई जाएगी, जिसका कार्य श्री नरेश दीवान शैली की अध्यक्षता वाली समिति देखेगी। सदस्यों की पहचान के लिए तीन वर्ष की अवधि वाले नए परिचय पत्र बनाने हेतु श्री कुमार दुष्यंत और श्री बाल कृष्ण शास्त्री की दो सदस्यीय समिति गठित की गई है। बैठक के अंत में हिंदी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह के आयोजन को लेकर पूर्व कार्यकारिणी द्वारा लिए गए निर्णयों में संशोधन करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।