शिवालिक नगर में मातृशक्ति का संगम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा मातृ दिवस का उत्सव

Listen to this article

हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित एक होटल में सामाजिक संस्था ‘आनंदम’ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मातृ दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संस्था के अध्यक्ष श्याम सुंदर अवस्थी ने अपने संबोधन में मां की महिमा का बखान करते हुए कहा कि मां का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा है, क्योंकि वह साक्षात जननी है और उनके बिना सृष्टि की कल्पना भी संभव नहीं है। उन्होंने सभी से मां की वंदना और सम्मान करने का आह्वान किया।

​कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका रीता अवस्थी ने मां को बालक की पहली पाठशाला और समाज की निर्मात्री बताते हुए महिलाओं से अपने व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों की स्थापना पर ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ जनों, जिनमें सीनियर सिटीजन फोरम के पूर्व अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता और महताब आलम शामिल थे, ने भी मां की सेवा को चारों धामों की यात्रा के समान बताया और इस आयोजन को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करार दिया।

​सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज़ प्रभा शर्मा की गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद महताब आलम ने देशभक्ति और मां गंगा पर आधारित गीतों से समां बांध दिया। मंच पर ‘जानू कुछ तो कहो’ जैसी हास्य नाटिकाओं और नन्ही छात्रा गर्विता द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा योगेश गुप्ता, रविकांत गुप्ता और श्रीजा त्रिपाठी ने कविता व गीतों के माध्यम से मां के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के अंत में संयोजक राजेंद्र अग्रवाल ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर बीएचईएल के पूर्व महाप्रबंधक एच.एन. गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।