स्वच्छता अभियान के तहत कूड़े का निस्तारण
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत भारी मात्रा में कूड़े का निस्तारण किया गया। गंगा दशहरा के बाद शुरू हुए अभियान में राष्ट्रीय राजमार्गों, संपर्क मार्गों और शहरी क्षेत्रों में विशेष सफाई की जा रही है। प्री-मानसून के मद्देनजर नालों और नालियों की सफाई भी तेज की गई है। अधिकारियों को फोटो और वीडियो सहित रिपोर्ट कंट्रोल रूम भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
ईद-उल-अजहा पर अमन-चैन की दुआएं

हरिद्वार। ज्वालापुर ईदगाह समेत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अता की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन, भाईचारे और तरक्की की दुआ मांगी। मौलाना वाहिद और मौलाना आरिफ ने कुर्बानी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एकता और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज के दौरान गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी उठाई गई।
गंगा में डूबने से दिल्ली के युवक की मौत

हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र के चित्रकूटधाम घाट पर गंगा स्नान के दौरान दिल्ली निवासी युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक परिवार के साथ हरिद्वार घूमने आया था। सूचना पर एनडीआरएफ, जल पुलिस और चेतक पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान चलाकर शव बरामद किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारी

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नासिक, उज्जैन और हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेलों को दिव्य और भव्य बनाने के लिए परिषद लगातार सक्रिय है। उन्होंने बताया कि विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लगातार वार्ता की जा रही है। आज इसे लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा हुई और शीघ्र ही हरिद्वार कुंभ को लेकर भी जल्द मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चर्चा की जाएगी।
संतोषी माता का प्राकट्य दिवस धूमधाम से मनाया गया

हरिद्वार। कनखल स्थित मां संतोषी आश्रम में महामंडलेश्वर स्वामी संतोषी माता का प्राकट्य दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और दुर्गा सप्तशती का पाठ कराया गया। संतोषी माता ने कहा कि जीवन का उद्देश्य ईश्वर प्राप्ति और जनकल्याण होना चाहिए। उन्होंने समाज में प्रेम, सद्भाव और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।
डिजिटल व्यवस्था से पेंशनरों को बड़ी राहत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश के पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र का सत्यापन अब डिजिटल माध्यम से आसान हो गया है। “जीवन प्रमाण” ऐप और “आधार फेस आरडी” तकनीक के जरिए पेंशनर घर बैठे ऑनलाइन सत्यापन कर पा रहे हैं। देहरादून स्थित पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में बड़ी संख्या में डिजिटल सत्यापन किए जा चुके हैं। सरकार ने पेंशनरों की सहायता के लिए हेल्पलाइन सुविधा भी शुरू की है।












