‘
हरिद्वार, 29 मई। आगामी कुंभ मेला-2027 को पर्यावरण के अनुकूल और हरियाली से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा चलाया जा रहा “हरित हरिद्वार अभियान” तेजी से जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लोग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखा रहे हैं।
शुक्रवार को भूपतवाला स्थित श्याम लोक कॉलोनी पार्क में मेलाधिकारी एवं एचआरडीए उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर अभियान को नई ऊर्जा प्रदान की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का भी महत्वपूर्ण अवसर है। हरिद्वार की पहचान उसकी आध्यात्मिक विरासत के साथ प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से भी जुड़ी है। “ग्रीन कुंभ” की संकल्पना को सफल बनाने में जनसहयोग की अहम भूमिका रहेगी।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने अभियान के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए मेला प्रशासन की पहल की सराहना की। मेलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
मेला प्रशासन के अनुसार “हरित हरिद्वार अभियान” के तहत अब तक विभिन्न क्षेत्रों से एक हजार से अधिक पौधों के रोपण की मांग प्राप्त हो चुकी है। आगामी मानसून सत्र में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रमुख मार्गों, घाटों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों तथा मेला क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधे लगाए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, शहर की सुंदरता बढ़ाने तथा कुंभ मेला-2027 को “ग्रीन कुंभ” के रूप में स्थापित करना भी है। अभियान से आमजन, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, धार्मिक संगठन और सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा जा रहा है।
अभियान में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) से संपर्क कर निर्धारित स्थानों पर पौधारोपण करा सकते हैं।
संपर्क नंबर : 9084700675, 9084700674
2026-05-29













