हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुघर्टना न्यूनीकरण अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए एनएचआई (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से पूर्व सभी सड़कों के गड्ढे भरने और पेचवर्क का कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कर लिया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने दोटूक कहा कि सड़क किनारे किसी भी दशा में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कहीं भी अतिक्रमण पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी तत्काल उसे हटाने की कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त करने और आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग सक्रिय

हरिद्वार। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बैठक के दौरान एआरटीओ रुड़की कृष्ण चंद्र पलारिया ने बताया कि इस वर्ष 1 जनवरी से अप्रैल 2026 तक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी कार्रवाई की गई है।
परिवहन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई के आंकड़े इस प्रकार हैं:
- बिना हेलमेट: परिवहन विभाग ने 3,667 और पुलिस ने 8,429 चालान किए।
- ओवरस्पीड (तेज रफ्तार): परिवहन विभाग ने 2,012 और पुलिस ने 4,666 चालान किए।
- नशे में वाहन चलाना: पुलिस द्वारा 367 चालान।
- मोबाइल का उपयोग और सीट बेल्ट: मोबाइल इस्तेमाल पर कुल 711 और बिना सीट बेल्ट के 622 चालान किए गए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इस अभियान को और तेज करने तथा शराब पीकर या ओवरलोडिंग वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।स
सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए हरिद्वार में प्रशासन मुस्तैद, बैठक में रणनीति तैयार
हरिद्वार। सड़कों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पुलिस और परिवहन विभाग को उन संवेदनशील इलाकों में निरंतर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जहाँ दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है।
बैठक में मुख्य रूप से एसपी ट्रैफिक निशा यादव, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डी.के.सिंह, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता विपुल सैनी और एआरटीओ नेहा झा व निखिल शर्मा सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के कड़े निर्देश दिए हैं।













