पत्रकारिता दिवस: आईसना उत्तराखंड इकाई ने आयोजित किया पत्रकार सम्मान समारोह-2026

Listen to this article


गुलशन कुमार नैय्यर और ललितेन्द्र नाथ सम्मानित

देहरादून। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर ऑल इंडिया स्मॉल न्यूज़ पेपर एसोसिएशन (आईसना) उत्तराखंड इकाई द्वारा देहरादून स्थित जीआईडी (ढाबा) होटल में “पत्रकार सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पत्रकारों, छायाकारों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़ा के सचिव स्वामी रवींद्र पुरी जी महाराज द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह टोनी ने की।

मुख्य अतिथि स्वामी महंत रवींद्र पुरी जी महाराज एवं प्रदेशअध्यक्ष शशि शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए सकारात्मक सोच, निरंतर परिश्रम और दूरदृष्टि अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बड़े समाचार पत्रों की सफलता से निराश होने के बजाय अपने संस्थान और कार्य को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। अवसरों की प्रतीक्षा करने के बजाय उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग करते हुए जनहित के समाचारों को खोजकर पाठकों तक पहुंचाना ही सच्ची पत्रकारिता है। उन्होंने कहा कि समाचार हर स्थान पर मौजूद है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की है।

कार्यक्रम में आईसना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह टोनी तथा वरिष्ठ पत्रकार बी.डी. शर्मा ने वर्तमान पत्रकारिता के समक्ष उपस्थित चुनौतियों, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा निष्पक्ष, तथ्यपरक एवं उत्तरदायी पत्रकारिता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, जिम्मेदार और विश्वसनीय पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।


इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विवेकानंद खंडूरी, सोमपाल सिंह (प्रदेश महासचिव), वरिष्ठ पत्रकार गुलशन नैय्यर, ललितेन्द्र नाथ तथा गोपाल जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह में संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य धीरज पाल, अफरोज खान, चंद्रा राम राजगुरु, दीपा माहेश्वरी, बसंत पंत, पूनम आर्य, नीरज पाल, सलीम खान, अशोक रावत, सोनू उनियाल, प्रदीप भंडारी, अनिल आनंद, मेघा गोयल, नेहा गोयल नैय्यर, सत्यवीर सिंह, आरिफ खान, जितेंद्र, पुष्कर सिंह, इफ्तिकार अंसारी, शादाब अली, जितेंद्र राजपूत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


समारोह का उद्देश्य पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त बनाना, सकारात्मक पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना तथा पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करना रहा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।