
आगरा: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 6 और 7 जून 2026 को आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के जे.पी. ऑडिटोरियम में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस राष्ट्रीय समागम में देश की लगभग 25 राज्य इकाइयों से आए 200 से अधिक वरिष्ठ पत्रकारों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी बघेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और योगेंद्र उपाध्याय उच्च शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश ने पत्रकारों और आज की समस्याओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। अंतिम दिन पत्रकारिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा के बाद सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। सम्मेलन में मुख्य रूप से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए केंद्र व राज्य सरकारों से ठोस सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की गई और मीडिया की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा, बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, आगामी सदस्यता अभियान को तेज करने और भविष्य के चुनावों व कार्ययोजना की प्रारंभिक रूपरेखा को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। समापन सत्र में सभी प्रतिनिधियों ने पत्रकार हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया और आयोजन समिति ने सभी का आभार व्यक्त किया।












