सिटी फॉरेस्ट में जुटे हजार से अधिक लोग
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन शामिल हुए। इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह स्वस्थ समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस एवं प्राकृतिक चिकित्सा की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में योग प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण कर विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया तथा पार्क में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्क की स्वच्छता, हरियाली और जनसुविधाओं की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का उत्कृष्ट केंद्र बताया।













