पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर कांग्रेस ने सरकार को घेरा

Listen to this article

हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के निरस्तीकरण और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी ने युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत के बावजूद प्रश्नपत्र लीक और नकल माफियाओं के कारण मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना कर रहे हैं। उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का सरकारी व्यवस्था से विश्वास कमजोर किया है।

कांग्रेस नेताओं ने देहरादून की छात्रा रिया कुमारी थापा की आत्महत्या की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली में फैली अव्यवस्था युवाओं को निराशा की ओर धकेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सख्त नकल विरोधी कानून की बात तो करती है, लेकिन पेपर लीक रोकने में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं मुरली मनोहर और महेश प्रताप राणा ने कहा कि बार-बार परीक्षाएं रद्द होने से मेहनती युवाओं का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने सरकार से पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई, नकल माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग की।

प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।