युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के जरिए जॉब क्रिएटर बन रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए देश के सबसे कठोर नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और पारदर्शी प्रक्रिया से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कांवड़ यात्रा के तीसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब, 45 लाख से अधिक शिवभक्त जल लेकर रवाना

हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेला-2026 के तीसरे दिन भी शिवभक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ा। पुलिस कंट्रोल रूम के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को 20 लाख 25 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए, जिससे अब तक गंगाजल लेकर प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 45 लाख 35 हजार हो गई है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं और 4 मेडिकल मोबाइल यूनिट्स भी तैनात की गई हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के अनुसार, तीसरे दिन 11,508 और अब तक कुल 19,066 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया जा चुका है।
कांवड़ पटरी मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल, 32 शिविरों में हजारों शिवभक्तों का मुफ्त इलाज
कांवड़ मेले के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े पैमाने पर चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने 63 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, 65 खाद्य नमूनों की जांच की तथा अधोमानक व एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवाया। मानक न पूरा करने वाले व्यापारियों को नोटिस दिए गए हैं और एक कन्फेक्शनरी संचालक के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करने की संस्तुति की गई है।
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा: निर्माणाधीन फ्लाईओवर से गाटर गिरने से 2 कांवड़ियों की मौत

कांवड़ यात्रा के दौरान बहादराबाद क्षेत्र में एक दुखद हादसा भी सामने आया। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे विश्राम कर रहे मुरादनगर निवासी तनुज (21 वर्ष) और गाजियाबाद निवासी किशन (22 वर्ष) के ऊपर अचानक भारी लोहे का गाटर गिर गया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।
युवती से छेड़छाड़ और मारपीट के दोषी को 3 साल के कारावास की सजा
हरिद्वार: द्वितीय अपर सिविल जे.डी./न्यायिक मजिस्ट्रेट शमशाद अली की अदालत ने वर्ष 2019 में युवती से छेड़छाड़ और उसके पिता से मारपीट करने के आरोपी राजेंद्र उर्फ पप्पू को दोषी ठहराते हुए 3 साल के कारावास और 5,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं गाली-गलौज करने के आरोप में उसकी पत्नी उषा को एक माह के कारावास और 1,000 रुपये अर्थदंड की सजा दी गई है।
उछाली आश्रम में कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, महंत विष्णु दास ने की अनुशासन की अपील

हरिद्वार: ललतारौ पुल के पास स्थित उछाली आश्रम (श्रीगुरू सेवक निवास) द्वारा कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। आश्रम में शिवभक्तों के लिए निशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय और फलों के वितरण की व्यवस्था की गई है। महंत विष्णु दास जी महाराज ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म और सौभाग्य है। शिविर में संतों और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा गंगा स्वच्छता का संकल्प लेने की अपील की।













