देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के कई ठिकानों पर छापेमारी कर नकदी, आभूषण और अन्य संपत्ति सहित करीब 1.28 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को ईडी की टीम ने राज्य में जीना समेत आयोग के पूर्व अधिकारियों के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। चंदन सिंह जीना वर्तमान में सहायक के पद पर कार्यरत बताए गए हैं और वर्ष 2014 से 2017 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे।
छापेमारी के दौरान ईडी ने चंदन सिंह जीना के घर से 3.2 लाख रुपये नकद, करीब 200.5 ग्राम सोना, 13 सोने के सिक्के तथा सात सोने की चेन सहित अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की है। एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
ईडी की इस कार्रवाई को वीपीडीओ भर्ती परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच एजेंसी अब बरामद संपत्ति के स्रोत और भर्ती परीक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
2026-09-12















