सेवा संकल्प अभियान’: SMSD इंटर कॉलेज में रंगोली व निबंध प्रतियोगिता आयोजित
हरिद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कनखल स्थित एस.एम.एस.डी. इंटर कॉलेज में ’25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विजेताओं (प्रथम- संजना, द्वितीय- गुंजन, तृतीय- काजल) तथा राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी रोहित कुमार को सम्मानित किया।
जनसुनवाई में 65 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, जलभराव और पेयजल से जुड़ी 65 शिकायतें आईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता व संवेदनशीलता से किया जाए और ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सीएम हेल्पलाइन पर 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर सख्त निर्देश
हरिद्वार: जिला कार्यालय में हुई बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को 36 दिनों से अधिक समय से लंबित एल-1 (259) एवं एल-2 (97) स्तर की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे शिकायतकर्ताओं से फोन पर वार्ता करें और आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान कराएं।
रेलवे स्टेशन क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुधरने के लिए संयुक्त निरीक्षण
हरिद्वार: जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, एआरटीओ और पुलिस अधिकारियों की टीम ने रेलवे स्टेशन क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया। स्टेशन के सामने जाम की स्थिति से निपटने के लिए ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए अलग से ‘होल्डिंग एरिया’ और पिक-अप/ड्रॉप जोन बनाने की योजना बनाई गई है। इस व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए 29 सितंबर को वाहन यूनियनों के साथ बैठक की जाएगी।












