हरिद्वार, 09 नवंबर 2026:
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया, जहाँ उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को देखा।
समारोह में राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने नीति आयोग के कार्यक्रमों, बहुउद्देशीय शिविरों, और विकास योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर नगर निगम हरिद्वार की मेयर किरण जैसल और राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने भी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, किसानों, विभिन्न विभागों के लाभार्थियों, प्रतियोगिताओं में विजयी छात्र-छात्राओं और नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया तथा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, राज्यमंत्री शोभाराम प्रजापति, राज्यमंत्री अजीत चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, अनीस गौड़, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी और सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।















