मंगलौर में जन आशीर्वाद रैली: लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पुल की घोषणा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज, गंगनहर पर वर्षों से बंद पुल के निर्माण, नारसन खुर्द में पक्के नाले तथा सराय राजवाहे की पटरी व अन्य मार्गों के निर्माण की बात कही। ट्यूबवेल बिजली बिल माफी पर परीक्षण और गन्ना मूल्य में शीघ्र निर्णय लेने का आश्वासन भी दिया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 140 चालान, 26 वाहन सीज
हरिद्वार। परिवहन विभाग ने जिलाधिकारी के निर्देश पर सिडकुल, सिंहद्वार, लक्सर मार्ग और श्यामपुर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 140 वाहनों के चालान किए गए और 26 वाहन सीज किए गए। कार्रवाई में बिना हेलमेट के 77, बिना लाइसेंस 19, बिना बीमा 22, बिना परमिट 10 और बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 9 मामलों सहित अन्य नियमों के उल्लंघन पर चालान काटे गए।
एनएसएस प्रशिक्षण शिविर: कार्ययोजना, 5एस और सामुदायिक आकलन पर चर्चा
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस अभिविन्यास प्रशिक्षण के दूसरे दिन की शुरुआत योग सत्र से हुई। इसके बाद विशेषज्ञों ने वार्षिक कार्ययोजना, मिशन स्टेटमेंट के तीन मूल बिंदुओं, जापानी 5एस तकनीक से कार्यक्षमता सुधारने तथा सामुदायिक आवश्यकता आकलन और हितधारक मानचित्रण पर विस्तार से जानकारी दी।















