डिस्ट्रीब्यूटरो का लाखों रुपया बकाया कर व्यापारी फरार, हंगामे के बाद पुलिस का आश्वासन

Listen to this article

कनखल क्षेत्रान्गर्त संदेशनगर में रहने वाला एक व्यापारी जो कि स्टोर चलाता था,हरिद्वार के डिस्ट्रीब्यूटरों का लाखों रुपये बकाया लेकर फरार हो गया। व्यापारी के फरार होने की जानकारी मिलते ही डिस्ट्रीब्यूटरों ने कनखल थाने और संदेशनगर में हंगामा कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। कनखल पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार कनखल थाना के संदेशनगर निवासी एक डिपाटमेंटल स्टोर संचालित करता है। आरोप है कि स्टोर संचालक ने हरिद्वार के डिस्ट्रीब्यूटरों से लाखों रुपये का उधार सामान लिया था। बताया जाता है कि पिछले दो माह से व्यापारी रुपये नहीं दे रहा था। कोरोना का बहाना बनाकर व्यापारी टालमटोल कर रहा था। कई डिस्ट्रीब्यूटर मंगलवार को इकट्ठा होकर संदेशनगर कनखल पहुंचे जहां स्टोर में ताला लगा हुआ था। स्टोर संचालक के बजाए स्टोर का मालिक ताला खोलने का प्रयास कर रहे थे, जबकि व्यापारी फरार हो गया था। फरार होने की बात का पता चलते ही डिस्ट्रीब्यूटरों ने हंगामा शुरू कर दिया। एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मामला कनखल थाने तक जा पहुंचा। जहां एसोसिएशन के लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार करने की मांग की। बताया जा रहा है कि डिस्ट्रीब्यूटरों का आरोपी व्यापारी पर 30 लाख का बकाया था। जबकि आसपास के लोगों ने बताया कि व्यापारी पर कई अन्य लोगों का कर्ज भी था। उधर एसओ कमल कुमार लुंठी ने पदाधिकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शिकायत ले ली है। हंगामा करने वालों में डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र भटेजा, कोषाध्यक्ष सुनील अरोड़ा, महामंत्री तरुण भाटिया, दीपक कंसल, विपिन शर्मा, नारायण आहुजा, अतुल गोयल, इंद्रजीत सिंह, निखिल गोयल, संजय खुराना, रुपेश गोयल, अनिल ग्रोवर, गौरव गाबा, अमित अग्रवाल, रवि जैन आदि मौजूद रहे।