देखें किसने कहा, “बापू का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”

Listen to this article

*कुछ असामाजिक तत्व भगवा धारण कर संतो को बदनाम कर रहे हैं- ब्रह्म स्वरूप ब्रह्मचारी*

जयराम आश्रम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर अनर्गल टिप्पणी करने वाले लोगों पर केंद्र और राज्य सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। बापू का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रेस को जारी बयान में स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी अहिंसा के पुजारी थे। जिन्होंने देश की आजादी के लिए अनेकों आंदोलन चलाए और सभी को अहिंसा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संतों का कार्य समाज में सद्भाव का वातावरण बनाकर सन्मार्ग की प्रेरणा देना होता है। संत कभी भी हिंसा का समर्थन नहीं कर सकते। हिंसा की बात करने वाले और भड़काऊ भाषण देने वाले लोग कभी संत नहीं हो सकते। ऐसे लोग भगवा धारण कर संत समाज को भी कलंकित कर रहे हैं। संतों की प्रमुख संस्था अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद को ऐसे फर्जी संतों के ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही शासन प्रशासन को भी ऐसे लोगों को चिह्नित कर उन्हें कठोर दंड देना चाहिए। किसी भी मंच से किसी भी महापुरुष के लिए असभ्य भाषा का प्रयोग करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि आज कुछ असामाजिक तत्व भगवा चोले को धारण कर संतों को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं और खुद की पब्लिसिटी के लिए महापुरुषों पर अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को संत समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और उनके खिलाफ पूरे देश में अभियान चलाया जाएगा।