भाजपा सभासद की शिकायत पर एक नामजद सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Listen to this article

मामला नवोदय नगर में स्कूल के पीछे खाली पड़ी भूमि से जुड़ा है

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्रान्गर्त नवोदय नगर में बीती 27 अगस्त को हुए झगड़े के बाद पुलिस ने तीसरा मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। तीसरा मुकदमा भाजपा सभासद सिंहपाल सिंह सैनी की शिकायत पर किया गया है। इसी प्रकरण में पुलिस पहले ही दो लोगों की तरफ से सात नामजद और 17 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर चुकी है। मामला नवोदय नगर में स्कूल के पीछे खाली पड़ी भूमि से जुड़ा है। इस जमीन पर कुछ लोग धार्मिक स्थल की स्थापना कर रहे थे। यहां पर धार्मिक झंडे भी लगा दिए थे। लेकिन एन मौके पर एक व्यक्ति जमीन को अपनी बताने लगा। आरोप था कि भाजपा सभासद और अतोल गुसाईं की अगुवाई में धार्मिक स्थल स्थापित किया जा रहा था। भाजपा सभासद सिंहपाल सिंह सैनी ने कहा कि जहां विवाद हुआ वहां पर स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधि होने के नाते फोन कर बुला लिया था। जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां पर अतोल गुसाईं के साथ कुछ लड़के गाली-गलौज और मारपीट कर थे। सभासद का आरोप है कि शिवांक हाथ में पिस्टल लिए और करीब 7 लड़के हाथों में लाठी,डंडे, क्रिकेट के बल्ले लेकर लोगों को धमका रहे थे। आरोप लगाया कि जब उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उनके ऊपर भी पिस्टल तान दी। आरोप है कि उन्हें गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उनकी उम्र और पद का भी लिहाज नहीं किया। आरोप है कि जब तक लोग वहां पर पहुंचते तो वह जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल के अनुसार भाजपा सभासद सिंहपाल सिंह सैनी पुत्र हुकुम सिंह सैनी निवासी सक्षम विहार कॉलोनी नवोदय नगर की शिकायत पर शिवांक और अज्ञात 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।