हरिद्वार, 31 मई। भारतीय महिला हॉकी की स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया ने अपने नाम पर रखे गए वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम के नाम बदलने को लेकर फैल रही अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि स्टेडियम का नाम बदलने संबंधी कोई शासनादेश या आदेश जारी नहीं हुआ है।
पद्मश्री और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित वंदना कटारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी स्वयं खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि केवल परिसर का नाम योगस्थली रखा गया है, जबकि स्टेडियम का नाम यथावत है। कटारिया ने स्टेडियम के नाम पर अनावश्यक राजनीति न करने की सलाह दी।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कुछ लोगों पर अपने नाम चमकाने के लिए मुद्दाविहीन राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने खुद स्टेडियम का नाम वंदना कटारिया के नाम पर रखा था, तो वे इसे कैसे बदल सकते हैं। उन्होंने प्रदेश में लागू खेल नीति और छात्रवृत्तियों का भी जिक्र किया, जो खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में मदद कर रही हैं।
वंदना कटारिया के रिश्तेदार मास्टर सत्यपाल और दर्जाधारी देशराज कर्णवाल ने भी मुख्यमंत्री धामी की सराहना करते हुए कांग्रेस पर तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।
2025-05-31













