बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण जनता हताशा और निराशा -रावत

Listen to this article

हरिद्वार, 14 जून। कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों को लेकर तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण जनता हताशा और निराशा का सामना कर रही है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए वीरेंद्र रावत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, और किसान व मजदूर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
उत्तराखंड में बढ़ते भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए वीरेंद्र रावत ने हरिद्वार नगर निगम में हुए जमीन घोटाले का जिक्र किया। उन्होंने मांग की कि केवल अधिकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय, इस मामले की गहराई से जांच की जाए और अधिकारियों को संरक्षण देने वाले नेताओं के नाम भी उजागर किए जाएं।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर वीरेंद्र रावत ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार उन पर अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक ऊर्जा प्रदेश होने के बावजूद, सरकार उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं कर पा रही है। इसके बजाय, स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को लूटा जा रहा है, और ये मीटर “चीटर” साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस सरकार में बिजली का बिल दो महीने में आता था, वहीं भाजपा सरकार में 28 दिन का बिल थोपा जा रहा है।
वीरेंद्र रावत ने टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया, कहा कि “चहेते” को ही काम दिया जा रहा है।
महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री संतोष चौहान और महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष लता जोशी ने भी महिला अपराधों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भाजपा की पूर्व महिला नेत्री द्वारा अपनी नाबालिग बेटी का अपने दोस्तों से शोषण कराने के शर्मनाक मामले का भी उल्लेख किया।
महेश प्रताप राणा और राजवीर सिंह चौहान ने भाजपा के 11 साल के कार्यकाल को “निराशाजनक” बताया, और कहा कि पढ़े-लिखे युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं और महंगाई पर कोई नियंत्रण नहीं है। मनीष कर्णवाल और दीपक टंडन ने “जीरो टॉलरेंस” का दावा करने वाली भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार पर अंकुश न लग पाने पर सवाल उठाए।
इस प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक रामयश सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली, अरविंद शर्मा, यशवंत सैनी, बीएस तेज़ियान, रवीश भटीजा, पूर्व पार्षद सोहेल अख्तर, विकास सिंह, और पार्षद विवेक भूषण विक्की सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं मधु शर्मा का वीरेंद्र रावत ने पार्टी में स्वागत किया।