नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान और सुरक्षित दवाइयों के प्रति जागरूकता फैलाई गई

Listen to this article

अल्मोड़ा, 26 जून: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के मार्गदर्शन में, सचिव सुश्री शचि शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय नशा दुरुपयोग और अवैध तस्करी निरोधक दिवस और ‘सुरक्षित दवा: सुरक्षित जीवन’ अभियान के उपलक्ष्य में रैमजे इंटर कॉलेज और दूरस्थ गांव लधौली में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।
शिविर में उपस्थित लोगों को नशीली दवाओं के दुष्परिणामों, उनकी रोकथाम, सुरक्षित दवाइयों के उपयोग, नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, नालसा, सालसा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों, अधिकार मित्र की भूमिका और मुफ्त कानूनी सहायता की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, नालसा (विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से आपदा पीड़ितों को विधिक सेवाएं) योजना 2010 की भी जानकारी दी गई और अभियान से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए। शिविर में अधिकार मित्र भी मौजूद थे।
मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण: खामियां पाई गईं
‘सुरक्षित दवा: सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा की सचिव सुश्री शचि शर्मा, सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी बिष्ट, ड्रग इंस्पेक्टर अल्मोड़ा पूजा जोशी और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा डॉ. प्रमोद जंगपांगी ने अल्मोड़ा के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, एक्सपायर्ड दवाइयों की जांच की गई और मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस भी चेक किए गए। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा ने बताया कि कुछ मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी बॉक्स नहीं बनाए गए थे और कैमरे भी नहीं लगे थे। कुछ दुकानों में गंदगी पाई गई और दवाइयां अव्यवस्थित तरीके से रखी हुई थीं। उन्होंने बताया कि एक्सपायरी डेट की दवाइयां लोगों के लिए बेहद हानिकारक हो सकती हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों को नियमों के अनुसार एक्सपायरी बॉक्स बनाने, सभी ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराने और दुकानों में कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए।