राज्य सरकार के 4 वर्ष: हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम आयोजित
हरिद्वार। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के ऑडिटोरियम में ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना गया। मदन कौशिक ने कहा कि सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम छोर तक पहुंच रही हैं। कार्यक्रम में ‘संकल्प से सिद्धि’ विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को बांटे गए चेक और किट

हरिद्वार। ऋषिकुल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्रों को लाभान्वित किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा 50 लाभार्थियों को ₹56.13 लाख के चेक वितरित किए गए। वहीं, बाल विकास विभाग ने 40 महिलाओं को ‘महालक्ष्मी किट’ और समाज कल्याण विभाग ने 9 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। इसके अतिरिक्त, लघु उद्योग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 शिल्पकारों को भी सम्मानित किया गया।
कुंभ मेला-2027: कार्यों में देरी पर होगी सख्त कार्रवाई

हरिद्वार। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेलाधिकारी ने 2021 के कुंभ की अवशेष सामग्री का अधिकतम उपयोग करने और सीसीआर-2 भवन के कार्य को दो पालियों (Double Shift) में चलाने के निर्देश दिए। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण के भी आदेश दिए गए हैं।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केदारनाथ-हेमकुंड साहिब रोपवे, दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को गेम चेंजर बताया। सैनी ने नकल विरोधी कानून, यूसीसी (UCC) और सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य की नई पहचान का आधार बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और कवि सम्मेलन से सजी शाम

हरिद्वार। ‘चार साल बेमिसाल’ श्रृंखला के अंतर्गत ऋषिकुल ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम और कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। लाफ्टर चैंपियन प्रताप फौजदार ने अपनी हास्य कविताओं से दर्शकों को गुदगुदाया, वहीं कवि अरविंद नारायण मिश्रा ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।














